
सीएम योगी बोले, यूपीकोका आएगा तो सपा के गुंडे भी आएंगे गिरफ्त में

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विपक्ष पर करारा हमला
गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज विपक्ष पर करारा हमला बोलते हुए कहा है कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव इसलिए यूपीकोका जैसे एक्ट का विरोध कर हैं क्योंकि उनके गुंडे ही सबसे ज्यादा इसकी गिरफ्त में आएंगे।
एक निजी चैनल से बात करते हुए योगी ने कहा कि उन्होंने कोई विकास किया नहीं है। जिन लोगों की विकास में कोई रुचि नहीं रही है। जिन लोगों ने प्रदेश का राजनीतिक अपराधीकरण्ा किया है। जो लोग अपराधियों के संरक्षणदाता थे। प्रदेश में लूट खसोट, अराजकता, गुंडागर्दी का एक नया इतिहास रचा था। उन लोगों से कुछ अच्छे की उम्मीद ही नहीं जा सकती है।
योगी ने कहा कि आज भी जो जगह-जगह गुंडागर्दी करने का कुत्सित प्रयास हो रहा है। माहौल खराब करने का प्रयास हो रहा है वो भी एक पार्टी विशेष से जुड़े हुए लोग हैं। प्रशासन सख्ती के साथ ऐसे तत्वों के साथ निपटेगा। प्रदेश सरकार बिना भेदभाव के अपनी योजनाओं को प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने के लिए कटिबद्ध है।
लखनऊ की सड़कों पर आलू और जहरीली शराब से हो रही मौतों पर विपक्ष द्वारा निशाना साधने पर उन्होंने कहा कि सब समाजवादी पार्टी के लोग पकड़े गए थे। आजमगढ़ में 22 निर्दोष लोग शराब पीने से मारे गए थे। समाजवादी पार्टी के ही कार्यकर्ता मुलायम यादव पकड़े गए थे वहां पर।अखिलेश यादव को इस बारे में स्पष्टीकरण देना चाहिए इन तत्वों को प्रश्रय दे करके यूपीकोका का अखिलेश यादव विरोध क्यों कर रहे हैं। क्योंकि उनके गुंडे जगह-जगह इस प्रकार का कार्य कर रहे हैं। उन्हें संरक्षण प्राप्त है उन लोगों का।उन्हें मालूम हैं कि यूपीकोका जैसा जब एक्ट आएगा तो इस प्रकार के तत्व भी इसकी गिरफ्त में आएंगे।
दोबारा नोएडा जाने के सवाल का जबाव देते हुए योगी ने कहा कि प्रदेश के हित के लिए, प्रदेश के विकास के लिए, प्रदेश की जनता के लिए वो बार-बार नोएडा जाएंगे।
राहुल गांधी के अमेठी दौरे पर उन्होंने कहा कि वह अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार अमेठी आ रहे हैं। अच्छी बात है,मैं सुझाव दूंगा कि देश और दुनिया की बात करने की बजाय राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी के विकास पर ध्यान दें। चार-चार पीढ़ी एक संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रही है।लेकिन जो अपेक्षित विकास अमेठी का होना चाहिए, वो नहीं हुआ है। ध्यान देंगे तो अच्छा होगा।